स्थितियाँ सुस्पष्ट हैं। इनमें से तरल वस्तु के रूप में जो पानी है, वही सर्वप्रथम यौगिक क्रिया का वैभव है। पानी का धरती के संयोग के आधार पर अम्ल और क्षार होना पाया जाता है। इनका निश्चित मात्रा तक उदय होने के बाद ही ब्रह्माण्डीय ऊष्मा के संयोजन से, प्रतिबिंबन (परस्परता में पहचानने का आधार) प्रभाव से पुष्टि तत्व व रचना तत्व के रूप में द्रव्य रचनायें होना पानी में पाया जाता है। इसके मूल रूप को ‘काई’ कहा जाता है। ऐसे काई के अनन्तर ही प्राणकोषाओं से रचित रचनायें एककोशीय, द्विकोशीय, बहुकोशीय विधि से घटित हो चुकी है। यह एक रचना में विकास क्रम को प्रदर्शित करता है।
यह धरती अपने में मृदा, पाषाण, मणि, धातु के रूप में बड़ी रचना के रूप में विद्यमान है। यौगिक क्रिया वैभव के रूप में प्राणकोषाओं से रचित रचनाओं को वनस्पति संसार कहते हैं। ये सभी वनस्पति संसार धरती से अभिन्न रहते ही हैं, धरती के साथ जुड़े ही रहते हैं। इससे यह पता लगता है कि धरती के रूप में वैभवित द्रव्यों के संयोजन से ही यौगिक क्रिया वैभव संपन्न होना और इसके मूल स्वरूप से भिन्न व्यक्त होने का उत्सव होना होता है। यही रासायनिक उर्मि है। रासायनिक द्रव्यों के उत्सव को हम उर्मि कह रहे हैं।
हर प्राणकोषा में प्राण सूत्रों का होना पाया जाता है। इसी में रचना-तत्व व पुष्टि-तत्व निश्चित मात्रा में समाया रहता है और रचना विधि निहित रहता है। ऐसे प्राणसूत्र अपने में श्वसन क्रिया संपन्न रहते हैं। इनमें अपने जैसे सूत्रों को विपुलीकरण करने का उत्सव बना रहता है। इसके लिए रासायनिक द्रव्यों की उपलब्धि, निश्चित ऊष्मा का योग आवश्यक रहता ही है। ऐसी प्राणकोषायें जीवों के, मनुष्य के, शरीर के, हड्डी के पोल में भरे रसों में निर्मित होना पाया जाता है और यह शरीर को आवश्यकतानुसार वितरित होता है। इसी के साथ प्राणसूत्रों के संयोजनवश अनेक सूत्र और कोषा निर्मित होते हैं। फलस्वरूप ऐसी कोशिकायें रसायन द्रव्यों के साथ, रक्त के रूप में अपने अस्तित्व को सुरक्षित रखते हुए, शरीर की रचना में कार्य करता हुआ देखने को मिलता है। वनस्पति संसार में, रस संचार तंत्रणा में पत्ती और जड़ की क्रियाकलाप से रस संचय होता है, फलस्वरूप प्राणकोषायें बनती रहती हैं। इस प्रकार रचनायें, रचनाओं में विकास प्रवृत्ति, प्राणकोषाओं में समाहित रहना सुस्पष्ट है। इसका प्रमाण रचनाओं में विविधता ही है। वर्तमान में पायी जाने वाली विभिन्न रचनायें, रचना में विकासक्रम की गवाही है। इस क्रम में मनुष्य शरीर रचना तक का वैभव इस धरती पर स्पष्ट हो चुका है।
प्राणकोषाओं से रचनायें छोटे बड़े पौधे, वृक्ष, लता, गुल्म के रूप में होते हुए आगे छोटे, बड़े जीवों के शरीर के रूप में अपने को स्पष्ट करती हैं। वनस्पति संसार की रचनाओं में कार्यरत प्राणकोषाएँ विकसित होकर रचना विधि में परिवर्तन को व्यक्त करती हैं जो जीव शरीर संसार की रचनायें, वह भी मनुष्य शरीर तक की रचना का आधार बनती हैं, यह सुस्पष्ट हो चुका है। प्रकृति में चार अवस्थायें द्रष्टव्य हैं। पदार्थावस्था मृदा पाषाण आदि के रूप में। प्राणावस्था पेड़-पौधे, वनस्पति संसार के रूप में। जीवावस्था और ज्ञानावस्था शरीर और जीवन के संयुक्त रूप में द्रष्टव्य है। प्राणावस्था व जीवावस्था के शरीर के रचना क्रम में स्वेदज संसार होना भी पाया जाता है।
यह ऐसे देखने को मिलता है कि वनस्पति संसार का अवशेष सूखा पत्ता आदि जब एकत्रित होते हैं, पानी और ऊष्मा पाकर अनेक भुनगी-कीड़े अपने आप पैदा हो जाते हैं। यही आगे अण्डज संसार के रूप में प्रदर्शित होते हैं। इस विधि से ये गुणवत्ता को स्थापित करता हुआ देखने को मिलता है। यह स्वेदज संसार जलचर, भूचर, नभचर के रूप में देखने को मिलता है। अण्डज संसार बलवती होते हुए आकाश में उड़ता हुआ पक्षियों के रूप में, बड़े-बड़े जलचरों और